नकुड़। हरिद्वार के गांव बिलासपुर निवासी एक व्यक्ति ने ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए बैग में मिले आधार कार्ड के माध्यम से पता लगाकर रुपयों व अन्य कीमती सामान से भरा बैग लौटाया है।
नकुड़ के गांव सिरसका निवासी रोहित कौशिक ने बताया कि रविवार शाम वह नकुड़ से रुड़की जा रहा था। इस बीच बाइक पर बंधा उसका बैग खेड़ा मुगल से आगे बिलासपुर गांव के पास खुलकर गिर गया। वहां से जा रहे बिलासपुर निवासी सोनू सिंह ने बैग खोलकर देखा, जिसमें लगभग 22 हजार रुपये, आधार कार्ड, अन्य जरूरी कागजात और कुछ कपड़े थे। सोनू सिंह ने आधार कार्ड के माध्यम से अपने सिरसका निवासी एक रिश्तेदार करण सिंह को फोन करके रोहित की जानकारी ली। उसने रोहित को फोन करने सोमवार सुबह बुला कर बैग वापस कर दिया।