परंपरागत मार्गों से ही निकालें जुलूस : एसपी
शेरकोट। पुलिस अधीक्षक डॉ. धर्मवीर सिंह ने पुलिस बल के साथ शुक्रवार को क्षेत्र के गांव तिपरजोत में भ्रमण किया। गांव के कुछ लोगों की शिकायत थी कि रविदास जयंती के मौके पर कमेटी के लोग नई परंपरा को अपनाकर दूसरे रास्तों से जुलूस निकालने का प्रयास कर रहे हैं।
बृहस्पतिवार को गांव पहुंचे पुलिस अधीक्षक ने कहा कि रविदास जयंती के जुलूस के मद्देनजर किसी को भी कोई नई परंपरा नहीं अपनाने दी जाएगी। जिन रास्तों से अब तक रविदास जयंती का जुलूस निकलता आया है, उसी प्रकार से निकलेगा। गौरतलब है कि इस गांव के कुछ लोगों ने शिकायत की थी कि कमेटी के लोग इस बार रविदास जयंती के मौके पर जुलूस को नई परंपरा डालकर कुछ दूसरे रूट से निकालना चाहते हैं। जिससे शांति भंग हो सकती है। पुलिस अधीक्षक ने दोनों पक्षों के लोगों की एक साथ बैठक कर हिदायत दी कि यदि किसी ने भी शांति भंग करने का प्रयास किया तो उस पर सख्त कार्रवाई होगी। सीओ अफजलगढ़ सुनीता दाहिया ने कहा कि शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए गांव के लोगों को मुचलका पाबंद किया जा रहा है। सरकार की गाइड लाइन का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई होगी।