कब्रिस्तान से गोवंश के अवशेष बरामद, लोगों का हंगामा
शेरकोट। नगर के मोहल्ला नौधना में पुलिस ने कब्रिस्तान के भीतर से मृत गोवंश के अवशेष बरामद किए है। घटना का पता लगने पर लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने प्रदर्शन कर पुलिस से कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मोहल्ले के अनुसार मोहल्ले के राहुल की गाय बृहस्पतिवार की रात चोरी हो गई थी। परिजनों ने गाय को काफी तलाश किया। पर जब उसका पता नहीं लगा तो पुलिस को सूचना दी। बताया गया कि जब राहुल अन्य लोगों के साथ गाय को शुक्रवार को तलाश रहे थे तो नगर के कब्रिस्तान में गोवंश के अवशेष मिले। गोवंश के अवशेष देख लोगों में रोष फैल गया। लोगों का कहना है कि अवशेष राहुल की गाय के हैं। गोवंश के अवशेष की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। अवशेषों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। लोगों ने बताया कि उनके मोहल्ले से छह से अधिक गायें चोरी हो चुकी हैं। पुलिस को घटना से अवगत कराने के बाद भी आज तक किसी भी गाय को बरामद नहीं किया जा सका है।
लोगों ने पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन कर आरोपियों से मिलीभगत का आरोप लगाया। उधर, भाजपा मंडल अध्यक्ष धर्मवीर चौहान, कामेश्वर राजपूत, अवनीश कुमार, हिंदू युवा वाहिनी नगर प्रभारी सुशील कुमार, अभिषेक कोहली के नेतृत्व में नागरिक थाने पहुंचे और वहां पर विरोध प्रदर्शित कर आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
कब्रिस्तान कमेटी के सदर मौलाना उबेदुर्हमान कासमी ने घटना पर अफसोस जताते हुए कहा कि कुछ लोग शहर का माहौल बिगाड़ना चाहते हैं। जो भी दोषी हो ,उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि एक व्यक्ति को पकड़ा गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।