धामपुर । गांव सरकड़ा चकराजमल के शिवमंदिर में बुधवार की रात एक युवक ने नंदी की मूर्ति और शिवलिंग को खंडित कर दिया। बृहस्पतिवार की सुबह पूजा अर्चना करने के लिए पहुंची महिलाओं ने तोड़फोड़ देखी तो पूरे गांव में रोष फैल गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जिला पंचायत सदस्य भाजपा नेता सुभाष चौहान, कर्मवीर सिंह, हिरेंद्र सिंह, दिनेश सैनी, शुभम आदि ने बताया कि उनके गांव में भगवान शिवजी का मंदिर है। बुधवार की देर रात किसी असामाजिक तत्व ने मंदिर में घुसकर नंदी महाराज की मूर्ति और शिवलिंग को खंडित कर दिया। बृहस्पतिवार को सवेरे जैसे ही महिलाएं पूजा करने के लिए पहुंचीं तो शिवलिंग और नंदी महाराज की मूर्ति को खंडित देखा। महिलाओं ने गांव में पहुंचकर ग्रामीणों को जानकारी दी। मंदिर पर एकत्र ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। हिंदूवादी संगठनों के लोगों ने आरोपियों का पता लगा कर कार्रवाई करने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि असामाजिक तत्व ने गांव के माहौल को खराब करने के उद्देश्य से ऐसा किया है। आज से पहले कभी ऐसा नहीं हुआ।
सीओ धामपुर अभय कुमार पांडे ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया गया है। आरोपी विदित राजपूत गांव का ही रहने वाला है जो पहले भी जेल जा चुका है। उधर गांव वालों के सहयोग से खंडित मूर्तियों के स्थान पर दूसरी मूर्तियों को लाकर स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।