नर्सिंग का कोर्स कर रही सीतापुर की छात्रा ट्रेन में बैठकर नगीना पहुंच गई। दरअसल, छात्रा पुलिस में नौकरी करना चाहती है, लेकिन परिवार इसके लिए तैयार नहीं है। इससे नाराज छात्रा घर छोड़कर आ गई। जीआरपी ने परिजनों से बात कर छात्रा को उसके घर भिजवाया।
नगीना जीआरपी के चौकी प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि शनिवार रात नौ बजे सुपरफास्ट जनसाधारण एक्सप्रेस ट्रेन कुछ देर के लिए स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर रुक गई। ट्रेन के रवाना होने के बाद जब वह प्लेटफार्म पर चेकिंग कर रहे थे तो उन्हें बेंच पर स्कूल यूनिफॉर्म पहने एक छात्रा बैठी दिखाई दी। वे छात्रा को जीआरपी कार्यालय के पास प्लेटफार्म नंबर एक पर ले आए और उससे पूछताछ की। छात्रा ने बताया कि वह जनपद सीतापुर के महोली थाना क्षेत्र की रहने वाली है। 19 वर्षीय छात्रा ने बताया कि वह परिजनों के कहने पर नर्सिंग का कोर्स कर रही है, जबकि वह पुलिस में नौकरी करना चाहती है। परिवार वाले पुलिस में भेजने के तैयार नहीं हैं।
इस बात से नाराज होकर वह शनिवार को कॉलेज जाने की बजाय ट्रेन में आकर बैठ गई। ट्रेन से वह आगे कहां जा रही थी, इस बात का वह कोई जवाब नहीं दे सकी। जीआरपी प्रभारी ने छात्रा से परिवार का मोबाइल नंबर लेकर उनसे बात की और शाहजहांपुर जीआरपी चौकी पहुंचने के लिए कहा। बाद में दून एक्सप्रेस से जीआरपी एस्कॉर्ट के साथ छात्रा को शाहजहांपुर के लिए रवाना कर दिया गया।
यह भी पढ़ें: Murder: गांव के ही युवक से हुआ प्यार तो बेटी को दी खौफनाक मौत, शव बिटौड़े में रखकर फूंका
वहीं एक छात्रा के सीतापुर से नगीना रेलवे स्टेशन पहुंचने की खबर मिलने के बाद काफी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता भी रेलवे स्टेशन पहुंच गए। उन्होंने जीआरपी कर्मियों व छात्रा से बातचीत की। बजरंग दल के नगर संयोजक शुभम सूद, नगर सह संयोजक राहुल सैनी, रोहित खुराना, मोनू कुमार, सचिन सैनी, रोहन राज, अभिषेक भटनागर आदि ने जीआरपी कर्मियों से पूरी सुरक्षा के साथ छात्रा को घर भिजवाने की बात कहकर उसके भोजन आदि की व्यवस्था भी करवाई।
यह भी पढ़ें: CM Yogi Baghpat Visit: सीएम से मिलाने की गुहार लगाते रहे फरियादी, पर अफसरों ने एक न सुनी, ये हैं समस्याएं