बिजनौर में सूबे की सत्ता बदलते ही ब्लॉक की राजनीति गरमाने लगी है। हल्दौर ब्लॉक के बीडीसी सदस्यों ने ब्लॉक प्रमुख सर्वेश राज के खिलाफ बगावत कर दी है। सदस्यों ने ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए डीएम जगतराज को लिखित नोटिस दिया है। ब्लॉक के कुल 121 सदस्यों में से 82 ने अविश्वास प्रस्ताव के लिए सौंपे गए नोटिस पर हस्ताक्षर किए हैं।
प्रमुख की सीट कब्जाने को लेकर हल्दौर ब्लॉक में सर्वेश राज और आंचल चुनावी मैदान में थीं। कड़े मुकाबले में सर्वेश राज को 61 व आंचल को 60 वोट मिले थे। सपा विधायक रुचिवीरा के समर्थन से सर्वेश राज एक वोट से चुनाव जीतकर ब्लॉक प्रमुख बन गईं थीं।
सत्ता बदलते ही ब्लॉक की राजनीति फिर से बदलने लगी है। ब्लॉक प्रमुख सर्वेश राज को पद से हटाने के लिए कुछ दिन पहले हल्दौर में बीडीसी सदस्यों की एक बैठक भी हुई थी।
हालांकि बैठक में दो सदस्यों के आपस में ही भिड़ जाने पर कोई निष्कर्ष नहीं निकला था। बृहस्पतिवार को बीडीसी सदस्य आंचल के नेतृत्व में डीएम जगतराज से मिले। बीडीसी सदस्यों ने ब्लॉक प्रमुख सर्वेश राज में अविश्वास प्रकट करते हुए उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग की। ब्लॉक में 121 सदस्य हैं। इनमें से 82 सदस्यों के हस्ताक्षर हैं। ज्ञापन पर आंचल, संजू देवी, महेश शर्मा, सपना, भरत सिंह, इस्लामुद्दीन, पवन कुमार, सुखलाल सिंह, अरुण कुमार, पीतम, अबरार, यामीन, लालू, विजय, मुनीम, शाहिद, अनीता, अफजाल, दिनेश कुमार, अवधेश कुमार, अतर सिंह, गजराज, सुरेंद्र सिंह, सतपाल सिंह, विक्की आदि के हस्ताक्षर हैं।