कड़ी सुरक्षा के बीच निकाला रविदास झंडा जुलूस
भागूवाला/नजीबाबाद। श्यामीवाला में कड़ी सुरक्षा के बीच रविदास झंडा जुलूस निकाला गया। रविदास धर्मशाला से हवन-पूजन के साथ शुरू हुआ संत रविदास झंडा एवं अखाड़ा जुलूस भागूवाला की मुजाहिदा पट्टी होता हुआ धर्मशाला में आकर संपन्न हुआ।
संत रविदास जयंती पर श्यामीवाला में एसडीएम बृजेश कुमार सिंह, सीओ गजेंद्र पाल सिंह, थानाध्यक्ष हिमांशु चौहान के नेतृत्व में पीएसी एवं सिविल पुलिस के जवानों की उपस्थिति में झंडा जुलूस निकाला गया। जुलूस के रास्ते को लेकर कई वर्षों से चल रहे विवाद के बाद गत वर्ष शासन के निर्देश पर प्रशासन द्वारा तयशुदा रास्ते से झंडा जुलूस निकाला गया था।
संत शिरोमणि रविदास सभा श्यामीवाला के अध्यक्ष संजीव कुमार, सचिव प्रवीण सिंह, देवेंद्र कुमार, तुलाराम, अखाड़ा उस्ताद कोमल सिंह, ओमप्रकाश जौनी, जयराम, रतिराम, हरीशचंद्र, पप्पू के नेतृत्व में रविदास धर्मशाला से शुरू हुआ जुलूस संत रविदास झंडा एवं अखाड़ा जुलूस श्यामीवाला से मुजाहिदा पट्टी भागूवाला से होता हुआ श्यामीवाला रविदास धर्मशाला पहुंचकर संपन्न हुआ। मुजाहिदा पट्टी स्थित मस्जिद के निकट से तयशुदा कार्यक्रम के अनुसार झंडा जुलूस शांति पूर्वक निकाला गया। जुलूस में संत रविदास के जीवन और कृतज्ञ से जुड़ी झांकियां प्रस्तुत की गईं। अखाड़ा उस्ताद कोमल सिंह के नेतृत्व में कलाकारों ने विभिन्न करतव दिखाए।
ड्रोन ने रखी जुलूस पर निगाह
नजीबाबाद। श्यामीवाला में झंडा जुलूस को लेकर चले आ रहे विवाद को देखते हुए प्रशासन ने जुलूस पर पैनी निगाह रखी। एसडीएम बृजेश कुमार सिंह और सीओ गजेंद्र पाल सिंह की उपस्थिति में ड्रोन के माध्यम से जुलूस पर निगाह रखी गई।
श्यामीवाला में एसडीएम और सीओ की निगरानी में निकाला जा रहा रविदास झंडा जुलूस।- फोटो : NAZIBABAD
भागूवाला के श्यामीवाला में रविदास झंडा जुलूस पर निगरानी रखता ड्रोन।- फोटो : NAZIBABAD