जिले में 21 मई से मुफ्त दिया जाएगा राशन
बिजनौर। कोरोना को हराने के लिए आर्थिक रूप से प्रभावित होने वाले जिले के छह लाख से अधिक परिवारों को नि:शुल्क राशन मिलेगा। प्रधानमंत्री गरीब अन्न योजना के अंतर्गत 21 मई से इन परिवारों को सस्ते गल्ले की दुकानों से राशन मिलेगा। राशन लेने के दौरान लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने और मास्क लगाने की अपील की गई है।
सरकार द्वारा पात्रों व अंत्योदय परिवारों को हर महीने राशन दिया जाता है। प्रति कार्ड परिवार के प्रति सदस्य के हिसाब से पांच किलो अनाज मिलता है। इसमें तीन किलो गेहूं दो रुपये प्रति किलो और दो किलो चावल तीन रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से दिया जाता है। पिछले साल कोरोना काल में मार्च से नवंबर तक प्रधानमंत्री गरीब अन्न योजना के तहत राशन कार्ड धारकों को कार्ड में दर्ज प्रति व्यक्ति के हिसाब से पांच पांच किलो अनाज मुफ्त दिया गया था। इस बार फिर से मई व जून में मुफ्त राशन बांटने की घोषणा की गई है। 21 मई से कार्डधारकों को मुफ्त राशन मिलेगा। सामान्य प्रक्रिया के तहत कार्ड धारकों को पैसों के बदले अनाज 18 मई तक बांट दिया गया है। अब उन्हें मुफ्त राशन दिया जाएगा। यही व्यवस्था अगले महीने रहेगी। 20 हजार 467 अंत्योदय परिवारों व पांच लाख 91 हजार 989 पात्र परिवारों को यह सुविधा मिलेगी।
ज्यादा संख्या में न हों एकत्र
जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार के अनुसार राशन कार्ड धारकों को 21 मई से मुफ्त राशन बांटा जाएगा। कार्ड धारक ज्यादा संख्या में राशन की दुकानों पर एकत्र न हों और आपस में दूरी बनाकर रखें। दुकानों पर सैनिटाइजर या साबुन की व्यवस्था करने के निर्देश राशन डीलरों को दिए गए हैं। कार्ड धारक खुद भी एहतियात बरतें।