कम राशन बांटने वाले राशन डीलर पर गिरेगी गाज
बिजनौर। प्रधानमंत्री गरीब अन्न योजना के अंतर्गत नि:शुल्क बांटे जा रहे राशन में भी घटतौली करने वाले राशन डीलर पर गाज गिरना तय हो गया है। राशन डीलर के खिलाफ जांच में कार्ड धारकों ने कम राशन देने का आरोप लगाया है। राशन डीलर के कोटे के निलंबन की कार्रवाई की जा रही है।
केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री गरीब अन्न योजना फिर से शुरू की है। योजना में राशन कार्ड धारकों को प्रति व्यक्ति पांच पांच किलो अनाज निशुल्क मिलना है। कोरोना काल में रोजगार से वंचित हुए लोगों को मदद पहुंचाने के उद्देश्य से ऐसा किया जा रहा है। लेकिन राशन डीलर पांच किलो के बजाए साढ़े चार किलो राशन ही वितरित कर रहे हैं। ऐसे ही झालू के राशन डीलर मोहम्मद याकूब की वीडियो वायरल हुई थी। उसमें वह राशन कार्ड धारक को प्रति व्यक्ति पांच के बजाए साढ़े चार किलो राशन देने की बात कह रहा था।
अमर उजाला ने इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर के आधार पर जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार ने मामले की जांच कराई तो राशन कार्ड धारकों ने भी राशन डीलर पर कम राशन देने का आरोप लगाया। जांच के आधार पर अब राशन का कोटा निलंबित करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए फाइल तैयार करके डीएम के हस्ताक्षर कराए जाएंगे। जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार ने इसकी पुष्टि की है।