फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

35 दुकानों पर रार, पुलिस और पालिका में खिंची तलवार

विज्ञापन
विज्ञापन
बिजनौर। भले ही अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चल रहा है लेकिन कुछ पक्की दुकानों को लेकर विभागों के बीच पेंच फंस गया है। सरकारी विभागों में अतिक्रमण को लेकर रार शुरू होती नजर आ रही है। पुलिस अधिकारी पुलिस लाइन की दीवार और सड़क के बीच वाली जमीनों पर बनी 35 दुकानों को हटवाने के लिए प्रयास में लगे हुए हैं। इन दुकानों की वजह से पालिका और पुलिस महकमा आमने-सामने हैं। रोडवेज बस स्टैंड के पास बनी दुकान को लेकर परिवहन निगम के अधिकारी पुलिस प्रशासन के पास पहुंचे हैं। ये सभी दुकान पालिका अपनी बताती हैं, जबकि दूसरे विभाग अतिक्रमण होने का दावा ठोक रहे हैं। वहीं नहटौर में पालिका ने अतिक्रमण हटाया तो जिला पंचायत की जमीन पर अस्थायी दुकान लगने लगी, जिस पर जिला पंचायत के अधिकारी अलर्ट हो गए और तुरंत ही अतिक्रमण हटवा दिया।
विज्ञापन

जिला मुख्यालय पर पुलिस लाइन की दीवार से सटाकर जेल रोड पर करीब 35 दुकानों का निर्माण पालिका ने दशकों पहले कराया था, जिन्हें नगर पालिका ने किराए पर दे रखा है। अब सड़क और पुलिस लाइन की दीवार के बीच ये दुकान अतिक्रमण की जद में भी आ रही है।
पिछले दिनों एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह के निर्देश पर प्रतिसार निरीक्षक शिव बालक वर्मा ने एसडीएम सदर को पत्र लिखा, जिसमें दुकानों को अतिक्रमण करते हुए निर्माण करना बताया गया। वहीं पुलिस लाइन की सुरक्षा के लिए खतरा बनने का भी हवाला दिया। उधर, जेल प्रशासन की ओर से इन दुकानों को लेकर प्रशासन से गुहार लगाई थी, जिसमें इन दुकानों को हटवाने की बात कही गई। उधर, नगर पालिका के अधिकारी इसे अतिक्रमण मानने को तैयार नहीं है।
विज्ञापन

वर्जन...
सड़क और पुलिस लाइन की दीवार के बीच बनाई गई दुकानों को अतिक्रमण ही कहा जाएगा। इन दुकानों से पुलिस लाइन की सुरक्षा को भी खतरा है। पुलिस लाइन में परेड होती है, कभी-कभी अलर्ट भी रहता है, ऐसे में दुकानों की छत पर चढ़कर कोई भी सुरक्षा को चुनौती दे सकता है।
- शिव बालक वर्मा, प्रतिसार निरीक्षक
पुलिस लाइन की जमीन दीवार के अंदर तक ही है। दीवार के बाहर बनी दुकानें पालिका की हैं। जो अतिक्रमण की जद में नहीं आती। दुकानों को किराए पर दे रखा है। सुरक्षा की दृष्टि से कोई मसला है तो विचार किया जाएगा। पालिका बोर्ड की बैठक में इन दुकानों के संबंध में प्रस्ताव रखा जाएगा। बोर्ड ही तय करेगा।
- विकास कुमार, ईओ पालिका
अतिक्रमण होता देख अलर्ट हो गए जिला पंचायत अधिकारी
बिजनौर। नहटौर में नगर पालिका की ओर से अतिक्रमण हटवाया गया तो दुकानदारों की नजर जिला पंचायत की खाली जमीन पर पड़ गई। बाकायदा सामान भी ले जाकर रख दिया गया था। उधर, जिला पंचायत समय रहते अलर्ट हो गई, आनन फानन अतिक्रमण को हटवा दिया गया। वहीं बाउंड्री कराने का प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है।
बस स्टैंड के पास जिला पंचायत की नहटौर में करीब आठ सौ गज जमीन खाली पड़ी है। हाल ही में नहटौर में अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चला। सड़क किनारे से अस्थायी दुकानों को हटवाया जा गया, जो खोखे हटवाए गए, उन्हें जिला पंचायत की जमीन में स्थान ढूंढ लिया। ये खोखे वहां ले जाकर रख दिए गए, जिसकी भनक लगते ही शनिवार को सवेेरे ही जिला पंचायत के अधिकारी पहुंच गए। जिन्हें खोखे को हटवा दिया।
पालिका की ओर से अतिक्रमण हटवाया गया था, जिसके बाद जिला पंचायत की जमीन में सामान ले जाकर रख दिया गया, जिसे हटवा दिया गया है। जल्द ही उक्त जमीन की बाउंड्री कराई जाएगी।
-श्याम बहादुर शर्मा, एएमए जिला पंचायत
सड़क किनारे बनी एक दुकान पर रोडवेज ने ठोका दावा
बिजनौर। हाल ही में बिजनौर रोडवेज बस स्टैंड के पास एक दुकान का निर्माण हुआ है, जिसे लेकर एआरएम एके त्रिवेदी और सहायक अनुज त्यागी ने एसपी और एडीएम से मुलाकात कर पत्र दिया था, जिसमें हाल ही बनी दुकान वाली जमीन को रोडवेज बस स्टैंड की होने का दावा किया गया। दुकान को गिराकर जमीन खाली कराने के लिए कहा गया। उधर, बताया जा रहा है कि जिस ने दुकान का निर्माण किया है, वह पालिका का पट्टेधारक है। जिसे लेकर जांच चल रही है कि जमीन पालिका की है या रोडवेज की। ईओ विकास कुमार ने बताया कि कोई व्यक्ति बाउंड्री बॉल बनाकर बाहर की जमीन पर दावा नहीं कर सकता। रोडवेज के पास वाली यह दुकान 1962 में बनी है और नगर पालिका की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें