बिजनौर में जिले की पांच महिला ग्राम प्रधानों को शासन की रानी लक्ष्मीबाई वीरता पुरस्कार के लिए चुना गया है। उन्हें यह सम्मान महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए दिया जाएगा। पुरस्कार सीएम अखिलेश यादव अगले माह प्रदान करेंगे।
जिला पंचायतराज अधिकारी मनीष कुमार के अनुसार शासन द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए किए कार्यों के लिए रानी लक्ष्मीबाई वीरता पुरस्कार दिया जाता है। शासन ने वित्तीय वर्ष 2015-16 के लिए बाल विवाह रोकना, दहेज उत्पीड़न, भ्रूण हत्या ,महिलाओं को अधिकारों के प्रति जागरूक करना, टीकाकरण, स्वच्छता आदि दस प्वाइंट पर आन लाइन महिला ग्राम प्रधानों की आख्या मांगी थी। जिला स्तरीय पंचायत परफोरमेंस असेसमेंट कमेटी के अनुमोदन के आधार पर जलीलपुर ब्लाक की ग्राम पंचायत घिनवारपुरा की प्रधान ओमवती देवी, मोहम्मदपुर देवमल ब्लाक की ग्राम पंचायत मिर्जापुर महेश की प्रधान अर्चना देवी, नजीबाबाद ब्लाक की ग्राम पंचायत बौरेकी की प्रधान अनिता शर्मा, किरतपुर ब्लाक की ग्राम पंचायत साहबपुर उर्फ हिंदुपुर की प्रधान शमशीदा और मोहम्मदपुर देवमल ब्लाक की ग्राम पंचायत झलरी की ग्राम प्रधान मंजू का राजीव गांधी पंचायत सशक्तिकरण अभियान के अंतर्गत रानी लक्ष्मीबाई वीरता पुरस्कार 2016 के लिए चयन हुआ है। शासन के इस पुरस्कार से जिले की अन्य महिला प्रधान भी प्रेरित होगी।