रंगारंग समारोह में भीड़ ने तोड़ी कुर्सियांं।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर। जिला कृषि, औद्योगिक और सांस्कृतिक प्रदर्शनी में म्यूजिकल एंड लाफ्टर नाइट में बेकाबू भीड़ ने कार्यक्रम का मजा किरकिरा कर दिया। भीड़ ने स्टेज पर डांसरों को बुलाने के लिए जमकर बवाल काटा। भीड़ ने कुर्सियां तक फेंककर तोड़ डाली। कार्यक्रम में अव्यवस्था हावी होने से अफरातफरी का आलम हो गया। पुलिस ने लाठियां फटकार भीड़ को नियंत्रित किया। इसके बावजूद कलाकारों ने अपने प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का दिल जीत लिया।
जिला कृषि, औद्योगिक और सांस्कृतिक प्रदर्शनी में म्यूजिकल एंड लाफ्टर नाइट का उद्घाटन चेयरमैन फरीद अहमद ने किया। अशोक किशोर ने किशोर कुमार के गाने मेरे सपनों की रानी कब आएगी तू, जिंदगी कैसी है पहेली हाय आदि सुनाकर दर्शकों का मनोरंजन किया। रफी बब्बी ने मोहम्मद रफी के गीत तेरे चेहरे में वो जादू है, ये रेशमी जुल्फें ये शरबती आंखें आदि सुनाकर सभी का मनोरंजन किया।
दीक्षा और संगीता ने देर ना हो जाए कहीं देर ना हो जाए सहित अनेक फिल्मी गीतों पर डांस किया। मुख्य अतिथि सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राशिद हुसैन रहे। कार्यक्रम अध्यक्ष सभासद महमूद कस्सार, अशोक आर्य और अमित श्रीवास्तव रहे। कार्यक्रम में दीपक गर्ग मोनू, अफजाल, जुल्फकार बेग, जावेद बब्बू आदि मौजूद रहे। इसी दौरान कार्यक्रम में उपस्थित कुछ लोगों ने डांसरों के स्टेज पर नृत्य कराने को लेकर हो हंगामा मचाना शुरू कर दिया। इससे कार्यक्रम के दौरान अव्यवस्था फैल गई। दर्शकों ने हंगामा करते हुए कुर्सियां तोड़ डाली। भीड़ ने आयोजकों के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की। इस दौरान भीड़ के बेकाबू होने पर कार्यक्रम अव्यवस्था की भेंट चढ़ गई। पुलिस ने लाठियां फटकार कर स्थिति पर काबू किया।