रजबहे की पटरी टूटी, खेतों में भरा पानी
हल्दौर। सिल्ट साफ नहीं होने से हल्दौर रजबहे की पटरी टूट गई। गांव शरीफपुरमान, पैजनियां, औलियापुर के किसानों की सैकड़ों बीघा फसल में पानी भर गया। सूचना मिलने पर पटरी की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया। किसानों ने सिंचाई विभाग के अफसरों से मुआवजे की मांग की है।
गांव शरीफपुर के पास से बह रहे हल्दौर रजबहे की पटरी रविवार शाम टूट गई। तेज गति से पानी निकलकर किसानों के खेतों में फैलने लगा। पानी ने फसलों को भी चपेट में ले लिया। किसानों ने सिंचाई विभाग के एसडीओ को सूचना दी। एसडीओ ने मजदूरों को भेजकर मरम्मत शुरू कराई। रजबहे का पानी गांव शरीफपुरमान, पैजनियां, औलियापुर के खेतों में भर गया। पानी भरने से गेहूं के अलावा हाल ही बोई गई गन्ने की फसल को भी नुकसान होगा। किसानों का कहना है कि गेहूं की फसल तेज हवा में गिर जाएगी, इससे उत्पादन कम होगा तो जिस खेत में गन्ना बोया गया है वह नहीं जमेगा।
किसान संजय सिंह, मुकेश कुमार, यशपाल सिंह, मदनपाल, पूरन सिंह, कृष्णपाल, जगराम सिंह, हरपाल सिंह, हरकेश, तुलाराम सिंह आदि का कहना है कि फसलों में पानी भरने से नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि सालों से रजबहे की न तो सिल्ट साफ हुई है और न ही पटरी की मरम्मत की गई है। रजबहे की पटरी कई जगह क्षतिग्रस्त हो गई है। किसानों ने सिंचाई विभाग के अफसरों से नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है।