किसान जसवंत सिंह, धर्मवीर सिंह, राजवीर सिंह, संजीव चौधरी और अरुण चौधरी ने बताया कि गन्ना, ज्वार, मक्का और बाजरे जैसी फसलें तेज गर्मी से मुरझा रही थीं। बिजली की कमी से सिंचाई भी मुश्किल हो गई थी। ऐसे में बारिश ने समय पर आकर फसलों को जीवनदान दिया है। किसानों के चेहरे पर उम्मीद की रौनक लौट आई है।
उधर, आम लोग भी गर्मी से राहत पाकर खुश नजर आए। युवा हिमांशु, शुभम, कपिल और आदित्य ने बताया कि बीते कुछ दिन इतने गर्म थे कि पंखे, कूलर सब बेअसर हो गए थे। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब बना हुआ था। अब बारिश के बाद हवा में नमी और ठंडक बढ़ गई है, जिससे क्षेत्र में मौसम कुछ दिनों तक राहत देने वाला रह सकता है।