नजीबाबाद। रेलवे स्टेशन नजीबाबाद की तत्काल आरक्षण व्यवस्था सवेरे आठ बजे से पूरे दिन ठप रही। तत्काल आरक्षण के लिए तड़के से लाइनों में लगे यात्रियों को घंटों प्रतीक्षा के बाद निराश लौटना पड़ा।
रेलवे स्टेशन नजीबाबाद की आरक्षण व्यवस्था बुकिंग विंडो की थिंक लाइन में तकनीकी खराबी आने से मंगलवार को ठप हो गई। प्रातः आठ बजे आरक्षण बुकिंग विंडो खोलती है। तत्काल आरक्षण प्रातः 10 बजे से 12 बजे के बीच होता है। तत्काल आरक्षण के लिए कई घंटे पहले यात्री लाइन में लग जाते हैं। आरक्षण बुकिंग विंडो खुलते ही प्रातः आठ बजे थिंक लाइन में तकनीकी खराबी से आरक्षण नहीं हो सका। काफी प्रतीक्षा के बावजूद तकनीकी खराबी दूर न होने पर बुकिंग केंद्र पर तैनात कर्मचारियों ने रेलवे के उच्चधिकारियों को आरक्षण व्यवस्था प्रभावित होने की जानकारी दी।
स्टेशन पर तैनात सीएमआई आरके मीणा ने मुरादाबाद और संबंधित कंपनी को तकनीकी खराबी की जानकारी दी। तकनीकी विशेषज्ञ बाहर से आने के कारण देर शाम तक आरक्षण व्यवस्था ठप रही। सीएमआई ने व्यवस्था सुचारु करने के लिए तकनीकी विशेषज्ञ देर शाम तक नजीबाबाद स्टेशन पहुंचने की जानकारी दी। उधर साधारण यात्रियों को विभिन्न ट्रेनों पर आवागमन के टिकट सामान्य रूप से जारी होते रहे।
प्रतिदिन होते हैं 100 से अधिक आरक्षण
नजीबाबाद। रेलवे स्टेशन के नजीबाबाद आरक्षण केंद्र से प्रतिदिन औसतन 100 से अधिक यात्री आरक्षण कराते हैं। नजीबाबाद के अतिरिक्त नगीना, बिजनौर और कोटद्वार स्टेशनों पर रेलवे की आरक्षण व्यवस्था है। काफी इंतजार के बाद यात्रियों ने आसपास के स्टेशनों से और कुछ यात्रियों ने ऑनलाइन आरक्षण कराया।