संवाद न्यूज एजेंसी
नजीबाबाद। रेलवे ने टंकी कॉलोनी क्षेत्र के बाहर नालों पर किए गए अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया। पुलिस चौकी क्षेत्र में भी रेलवे बाउंड्री के बाहर नाला क्षेत्र के फड़ कारोबारियों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटवाया।
डीआरएम राजकुमार ने रेलवे की टंकी कॉलोनी और स्टेशन परिसर का हाल ही में निरीक्षण किया था। कॉलोनी की बदहाली की शिकायतें मिलने पर डीआरएम में तत्काल कॉलोनी और नालों की सफाई कराने और नालों पर किए गए अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए थे।
वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर पंकज शर्मा, जूनियर इंजीनियर जय सिंह, कार्यालय प्रभारी इरफान अंसारी, मोहित चौहान, अमित, संजीव, अंकित ने रेलवे पुलिस के साथ अतिक्रमण हटाने के लिए शनिवार को अभियान चलाया।
रेल अधिकारियों ने स्टेशन शिव मंदिर के बाहर, टंकी कॉलोनी क्षेत्र, रोडवेज के सामने खोखे, ठेलों आदि के रूप में किए गए अतिक्रमण को हटवाया।
नालों पर किए गए अतिक्रमण हटाने के बाद बंद नालों की गंदगी साफ कराई गई। रेलवे अधिकारियों ने फड़ कारोबारियों को क्षेत्र के नालों पर भविष्य में अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी दी।