धामपुर। पुलिस ने इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर पेट्रोल पंप स्वामी के पुत्र से लाखों की ठगी करने के मामले में नामजद यू-ट्यूबर अदनान खान एवं भाकियू भानु गुट के युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश संगठन मंत्री कैफ मलिक की गिरफ्तारी के लिए दबिश देनी शुरू कर दी है। इस मामले में पुलिस ने शनिवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान किया था। आरोपियों की निशानदेही पर ठगे गए 103 ग्राम सोने के आभूषण भी बरामद हुए थे।
सीओ अभय कुमार पांडे और कोतवाल मृदुल कुमार सिंह ने बताया कि सुहागपुर निवासी ताजुद्दीन अंसारी अधिवक्ता ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि उनके पुत्र उबैदुर रहमान उर्फ चांद की इंस्टाग्राम पर एक यूट्यूबर अदनान खान से दोस्ती हो गई थी। अदनान खान ने उनके पुत्र की फेक आईडी बनाकर उनके परिवार के फोटो वायरल कर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया था। इस दौरान आईडी को बंद कराने के लिए उनके पुत्र ने नई सराय नई बस्ती निवासी इशरत अली के पुत्र किसान नेता कैफ मलिक और गांव सुहागपुर निवासी ई- रिक्शा चालक आसिफ अंसारी से मदद मांगी लेकिन इन इंस्टाग्राम आईडी को बंद करने पर उनसे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी ठगने का काम शुरू कर दिया।
आरोप है कि इन दोनों ने आभूषणों को पहाड़ी दरवाजा धामपुर निवासी मोहम्मद जाहिद, जो शेरकोट में सुनार की दुकान करता है, को बेच दिया। आसिफ अंसारी की निशानदेही से पुलिस ने जाहिद से 103 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए। इस मामले में पुलिस की ओर से आरोपी आसिफ और जाहिद दोनों का शनिवार को चालान किया जा चुका है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में यूट्यूबर अदनान खान का पुलिस पता निकालने का प्रयास कर रही है जबकि नई सराय नई बस्ती निवासी कैफ मलिक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी। बताया गया कि कैफ मलिक भारतीय किसान यूनियन भानु गुट युवा प्रकोष्ठ पश्चिमी उत्तर प्रदेश का प्रदेश संगठन मंत्री है। उधर भाकियू भानु गुट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंद्र प्रकाश चौहान ने बताया कि कैफ मलिक का संगठन से कोई लेना देना नहीं है। उसकी सदस्यता को निरस्त कर संगठन से बाहर का रास्ता दिखा दिया जा चुका है।