बिजनौर जनपद के नूरपुर में पुलिस और औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम ने छापामारी करते हुए एक मेडिकल स्टोर पर अवैध रूप से बिक रही नशीली दवाइयां बरामद की हैं। औषधि निरीक्षक के अनुसार मेडिकल स्टोर भी बिना पंजीकरण चल रहा था।
विज्ञापन
बुधवार की देर शाम औषधि निरीक्षक उमेश भारती और सीओ चांदपुर सुनीता दहिया की टीम ने नूरपुर में खालसा इंटर कॉलेज के पास कपिल मेडिकोज पर छापा मारते हुए बड़ी संख्या में नशीले इंजेक्शन और गोलियां बरामद कीं।
औषधि निरीक्षक उमेश भारती के अनुसार मेडिकल स्टोर स्वामी से पंजीकरण संबंधित कागजात मांगने पर वह नहीं दिखा सका। दवाइयों के बिल भी दिखाने में मेडिकल स्टोर स्वामी असमर्थ रहा।
उन्होंने बताया कि मेडिकल बिना पंजीकरण के चल रहा था। टीम ने सारी दवाइयां जब्त कर ली। दवाइयों के सैंपल लेकर जांच के लिए भी भेजे जा रहे हैं। डीआई उमेश भारती ने बताया कि मामले में एनडीपीएस और ड्रग एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।