बिजनौर। नगीना में सूदखोरों के चंगुल में फंसे राहुल सैनी ने शहर की आजाद नगर कॉलोनी में अपनी साढ़े चार बीघा जमीन भी गवां दी। मगर कर्ज नहीं उतरा, आखिरकार युवक ने 30 अक्तूबर को ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। अब मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने भाजपा नेता प्रहलाद कुमार और लेखपाल वीरेंद्र सैनी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
नगीना की रहने वाली मीनाक्षी सैनी ने सोमवार को एसपी कार्यालय पहुंची। एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि नगीना के ही दो लोगों से उसके पति राहुल सैनी ने सूदखोरों के जाल में फंस कर आत्महत्या कर ली। बता दें कि 30 अक्तूबर को राहुल सैनी ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली थी। मृतक के बहनोई ने बताया कि साल 2015 में आरोपी लेखपाल से राहुल सैनी ने एक लाख रुपये मां का इलाज कराने के लिए ब्याज पर लिए थे।
जिस पर मनमाने तरीके से ब्याज जोड़ा गया, अदायगी की एवज में आरोपी लेखपाल ने अपने रिश्तेदारों के नाम पर कई बैनामे कराए। वहीं दूसरे आरोपी ने भी पचास हजार रुपये के कर्ज के बदल साल 2023 में अपनी पत्नी के नाम राहुल सैनी से बैनामा कराया। उस वक्त उक्त जमीन का सर्किल रेट ही साढ़े बारह लाख रुपये था, मगर बैनाम में कीमत ढ़ाई लाख रुपये दर्शायी। इसी तरह से दोनों आरोपियों ने मिलकर करीब साढ़े चार बीघा जमीन के बैनामे करा लिए।
अब तक 18 बैनामे सामने आ चुके हैं। अब बीच हुई तीन बीघा जमीन का बैनामा कराने के लिए दबाव डाला जा रहा था। मृतक के बहनोई ने आरोप लगाया कि जिस दिन आत्महत्या की है, उस दिन भी आरोपी लेखपाल ने 14 बार राहुल सैनी को कॉल करके दबाव बनाया था। आरोप है कि 18 बैनामा कराने में एक भी लेनदेन बैंक खाते के जरिए नहीं हुआ। एसपी अभिषेक झा ने बताया कि मामले की जांच सीओ नगीना को सौंपी गई है।
लेखपाल वीरेंद्र फिलहाल नजीबाबाद तहसील में तैनात है। भाजपा नेता प्रहलाद कुमार नगर पालिका नगीना के अध्यक्ष पद पर चुनाव भी लड़ चुका है। इस मामले में सोमवार दोपहर शिकायती पत्र दिया गया था। पुलिस ने महज 10 घंटे में जांच पूरी की। जांच रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज हुआ है।