बिजनौर में फोरलेन हाइवे के निर्माणाधीन अंडरपास का गिरा स्लैब। फाइल फोट
बिजनौर। अंडरपास के स्लैब गिरने का मामला दो तरफा जांच के घेरे में है। एक ओर लोक निर्माण विभाग अपने स्तर से जांच में लगा है। लोनिवि ने हाईवे प्राधिकरण के सहायक अभियंता को तलब किया है। दूसरी ओर एनएचएआई के दिल्ली मुख्यालय से भी आज जांच टीम मुआयना करेगी।
मंगलवार को लोक निर्माण विभाग ने अंडरपास में लगाए जा रहे स्टील का नमूना लिया है, जिसकी जांच कराते हुए मजबूती को परखा जाएगा। कंक्रीट का नमूना भी लिया जा चुका है। दोनों ही नमूनों को जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। हालांकि मंगलवार को नमूना लैब भेजने की प्रक्रिया में नियम आड़े आ गए।
लोनिवि के सूत्रों ने बताया कि जांच में आने वाला खर्च निर्माण करने वाली कंपनी से लिया जाता है। जांच खर्च की रकम का ड्राफ्ट मिलने के बाद ही नमूना जांच के लिए भेजा जा सकेगा।
इसके साथ ही लोनिवि ने मंगलवार को एनएचएआई के सहायक अभियंता को मौखिक तौर पर तलब किया है। जिनसे डीपीआर और अन्य निर्माण संंबंधी प्रपत्र दिखाने को कहा गया है। बता दें कि बहसूमा से बिजनौर तक फोरलेन का निर्माण चल रहा है। जिसमें बैराज मार्ग पर बनाए जा रहे अंडरपास का स्लैब बनते बनते ही गिर गया था। जिसके मलबे में दबकर पांच मजदूर भी घायल हुए।
मामले को बिजनौर प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लिया। एनएचएआई से इतर लोक निर्माण विभाग को जांच के आदेश दिए थे। जिसके बाद लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने जांच के क्रम में नमूने लिए हैं।
उधर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के दिल्ली स्थित मुख्यालय से भी जांच बैठाई गई है। दिल्ली से टीम आज बुधवार को जांच के लिए मौके पर पहुंचेगी।