संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। सड़क से सटाकर विद्युत लाइन खींचने की तैयारी के बीच खंभे लगाने के लिए गड्ढे खोद दिए गए। पता चला कि लोक निर्माण विभाग से इसकी एनओसी नहीं ली गई। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने विद्युत निगम को नोटिस जारी करते हुए काम बंद करा दिया। बहसूमा से चांदपुर और नूरपुर होते हुए ठाकुरद्वारा तक स्टेट हाईवे है। नूरपुर से स्योहारा के बीच इस मार्ग का चौड़ीकरण भी होना है। उधर, विद्युत निगम की ओर से चांदपुर से नूरपुर के बीच विद्युत लाइन खींचने की तैयारी थी। खंभे लगाने के लिए गड्ढे भी खोद दिए गए।
उधर से गुजर रहे लोक निर्माण विभाग के एक अफसर की नजर पड़ी तो मामला सामने आया। हकीकत जानी गई तो बिना एनओसी लिए ही बिजली लाइन बनाई जा रही थी। एनओसी मांगने पर लाइन बनाने का ठेकेदार कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद खंभे लगाने का काम रोक दिया गया।