बिजनौर। बुखारा बिजलीघर का एक ट्रांसफॉर्मर खराब होने से एक तिहाई क्षेत्र यानी 12 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं ने बिजली कटौती का दंश झेला। शुक्रवार दोपहर से शनिवार को पूरे दिन बुखारा बिजलीघर के क्षेत्र में आठ से 10 घंटे की कटौती हुई। इसके विरोध में उपभोक्ताओं ने विभाग के व्हाट्सएप ग्रुप पर नाराजगी जताई और देर रात बिजलीघर पहुंचकर विरोध जताया।
शहर के बुखारा बिजलीघर के खराब ट्रांसफॉर्मर से तीन फीडर इंद्रलोक, काशीराम, भगत विहार के कई मोहल्लों में सबसे ज्यादा कटौती हुई। विभागीय अफसरों ने बिजली आपूर्ति बहाल के लिए दूसरे से ट्रांसफॉर्मर से बिजली आपूर्ति सुचारू की। लेकिन लोड अधिक होने से रातभर ट्रिपिंग और कटौती का सामना करना पड़ा। खराब ट्रांसफॉर्मर बदलने के लिए नजीबाबाद क्षेत्र से दूसरा ट्रांसफॉर्मर लाया गया। अफसरों के अनुसार, देर शाम तक आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
अधिशासी अभियंता अजय कुमार कैम ने बताया कि पांच एमबीए के ट्रांसफॉर्मर में तकनीकी कमी आने से कटौती की समस्या आई है। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए काशीराम फीडर को कंभौर बिजलीघर से जोड़ा गया। साथ ही इंद्रलोक को बकली बिजलीघर, टाउन दो को मेडिकल कॉलेज के बिजलीघर से जोड़ा। इसके अलावा भगत विहार, रामलीला, टाउन एक फीडर को बुखारा के दूसरों ट्रांसफॉर्मरों से आपूर्ति कराई गई।