अमन कुमार शर्मा
बिजनौर। अमेरिका, इस्राइल-ईरान युद्ध का असर धीरे-धीरे दिखाई देने लगा है। तेल कंपनियों ने यूपी के गैस वितरकों को मौखिक एडवाइजरी जारी की है। हालात सामान्य होने तक एलपीजी डीबीसी (डबल बॉटल कनेक्शन) पर रोक लगा दी है। हालांकि, एक सिलिंडर कनेक्शन देने की योजना जारी रहेगी।
जिले में करीब आठ लाख एलपीजी गैस कनेक्शन हैं। युद्ध होने से लोग अफवाहों के चलते गैस सिलिंडर, डीजल, पेट्रोल का भंडारण करने लगते हैं। लोगों को परेशानी न हो। इसी वजह से युद्ध के चलते भविष्य में उत्पन्न होने वाली संभावित परिस्थितियों को देखते हुए तेल कंपनियों ने यूपी के गैस वितरकों मौखिक दिशा निर्देश जारी किए हैं ताकि, गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण को रोका जा सके। उनका कहना है कि रजिस्टर्ड नंबर से गैस सिलिंडर की रिफिल बुकिंग कर सकते हैं। उपभोक्ता पहले 20 दिन में बुकिंग कर सिलिंडर ले सकते थे लेकिन वर्तमान में सिलिंडर रिफिल कराने की समय सीमा एक महीने कर दी गई है। एक महीने पूरा होने पर उपभोक्ता के मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के आधार पर सिलिंडर दिया जाएगा।
एलपीजी गैस डिस्ट्रीब्यूशन एसोसिएशन की अध्यक्ष एवं वीएसएम गैस एजेंसी की प्रबंधिका निशा राघव ने बताया कि सभी तेल कंपनियों ने मौखिक एडवाइजरी जारी की है। जिले में अभी हालात सामान्य है। भविष्य में उपभोक्ताओं को परेशानी न हो। इसके लिए निर्देशों का पालन किया जा रहा है। हालात सामान्य होने तक एलपीजी डीबीसी कनेक्शन पर अस्थायी रोक लगाई गई है।
तेल कंपनियों ने जारी की यह मौखिक एडवाइजरी
- उपभोक्ताओं को महीने में एक बार ही मिलेगा एलपीजी सिलिंडर
- डीबीसी कनेक्शन पर अस्थायी रोक लगा दी है
- गैस खत्म होने से पहले डीलर भेजें इंडेंट
- उपभोक्ता को रजिस्टर्ड नंबर से बुकिंग करने के बाद ही मिलेगा सिलिंडर
जिले में इन तीन कंपनियों की गैस और तेल एजेंसी
जिले में हिंदुस्तान पेट्रोलियम, भारत पेट्रोलियम, इंडियन ऑयल की एजेंसी हैं। इनके जरिए जिले में गैस और तेल की सप्लाई की जा रही है। तीनों कंपनियों ने वितरकों को युद्ध की वजह से होने वाली संभावित परेशानियों को लेकर दिशा निर्देश जारी किए हैं।