मंडावर में शादी वाले घर में बारात जाने से पहले खुशियां मातम में बदल गई जब दूल्हे की मां की मौत हो गई। पूरे गांव में मातम छा गया। परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने मृतका का बालावाली घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया है।
मंडावर के गांव नंगली निवासी महेंद्र सिंह के पुत्र रवि की बुधवार गांव पुंडरी खुर्द बारात जानी थी। घर में धूमधाम के साथ शादी की तैयारी चल रही थी। उसी दौरान घर में अचानक दूल्हे रवि की मां उर्मिला की मौत हो गई। शादी वाले परिवार की सारी खुशियां मातम में बदल गई। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया। गांव में मातम छा गया और सभी ग्रामवासी हैरान थे कि शादी वाले घर में यह क्या हुआ। परिजनों के अनुसार उर्मिला घर में बैठी काम कर रही थी तभी अचानक वह पीछे को गिर गई। जब उन्हें गांव के एक निजी चिकित्सक को दिखाया तो उन्होंने उर्मिला को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने मृतका का अंतिम संस्कार बालावाली घाट पर किया। उनको मुखाग्नि उनके देवर ज्ञानानंद ने दी। परिजनों ने बताया कि महेंद्र सिंह व उर्मिला का रवि इकलौता पुत्र है। परिजनों के अनुसार अंतिम संस्कार के बाद दो-तीन लोगों को रवि के साथ वधू पक्ष के घर भेजकर शादी की रस्म पूरी की जाएगी।