समस्याओं का गुणवत्ता के आधार पर हो समाधान: डीएम
बिजनौर/नगीना। डीएम रमाकांत पांडेय ने कहा की संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाली सभी शिकायतों का निस्तारण गुणवत्ता के आधार पर होना चाहिए। मंगलवार सुबह तहसील के सभागार में डीएम की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 70 शिकायतें दर्ज हुई, जिनमें से सात शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं, बिजनौर तहसील में आयोजित समाधान दिवस में 52 शिकायतें आई। इनमें 18 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
मोहल्ला शाह जहीर निवासी मनोज शर्मा ने शिकायत में कहा कि वह आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है तथा बीपीएल कार्ड धारक है। इसी योजना के अंतर्गत उसके घर पर बिजली का कनेक्शन है, लेकिन विद्युत निगम ने पिछले तीन साल से उसके यहां बिजली का कोई बिल नहीं भेजा तथा एक साथ चार जनवरी को करीब 44 हजार रुपये का बिल बकाया दर्शा कर बिजली कनेक्शन काटने का नोटिस दे दिया। तहसील दिवस में रास्ते की जगह पर ग्राम पटपड़ा में एक व्यक्ति द्वारा निर्माण किए जाने की शिकायत पर एसपी ने तत्काल निर्माण कार्य रुकवाने के लिए पुलिस टीम को मौके पर भेजा। बढ़ापुर निवासी श्याम सिंह एडवोकेट ने डीएम से कस्बे के एक राशन डीलर पर निर्धारित मात्रा से कम अनाज देने का आरोप लगाते हुए शिकायत की। इस मौके पर एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह, एसडीएम घनश्याम वर्मा, तहसीलदार हामिद हुसैन, सीओ राकेश श्रीवास्तव, पालिका के अधिशासी अधिकारी इंद्रपाल सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी देशराज वत्स, थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण मुरारी दोहरे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।