बेगावाला। बिजनौर के प्रगति विहार निवासी पंडित जितेंद्र कुमार शर्मा (43) ने शुक्रवार सुबह बैराज के गेट नंबर 28 से गंगा में छलांग लगा दी। बताया गया कि वे पेट संबंधी बीमारी से परेशान थे। देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं लग सका।
परिजनों के अनुसार पंडित जितेंद्र कुमार शर्मा सुबह घर से मंदिर में पूजा करने के लिए गए थे। काफी देर तक वापस नहीं आने पर उनकी तलाश शुरू की गई। मंदिर पहुंचने पर परिजनों को उनका एक पत्र मिला, जिसमें उन्होंने पेट के संक्रमण से काफी परेशान होने की बात लिखी थी। बताया गया कि जितेंद्र शर्मा और उनके भाई पंडित शिवकुमार शर्मा प्रतिदिन सुबह गंगा किनारे पूजा-पाठ करते हैं।
पत्र मिलने के बाद परिजन उनकी तलाश करते हुए बैराज पहुंचे और पुलिस से जानकारी की। वहां पता चला कि सुबह एक व्यक्ति गेट नंबर 28 से गंगा में कूद गया था। यह क्षेत्र मुजफ्फरनगर जिले की सीमा में आता है। परिजनों का मानना है कि गंगा में कूदने वाला व्यक्ति जितेंद्र कुमार शर्मा है। घटना के बाद पुलिस और संबंधित टीमें गंगा में उनकी तलाश में जुट गईं। सीओ सिटी अभय कुमार पांडेय ने बताया कि व्यक्ति के गंगा में कूदने की जानकारी मिली है। घटना स्थल मुजफ्फरनगर जिले का है।