कोरोना के कारण आसमान छू रहे दालों के दाम
बिजनौर। कोरोना का असर बाजार में खाद्य पदार्थों के दामों पर पड़ने लगा है। दालों के दामों में तेजी आ रही है। इस बार आलू के बजाए दालों के दाम बढ़े हैं। जिले में दालों की आपूर्ति महाराष्ट्र और गुजरात से होती है। इन राज्यों में पहले से ही कोरोना का बहुत प्रकोप है। इस वजह से दालों की आपूर्ति थोड़ी प्रभावित हुई है और दाम बढ़े हैं।
कोरोना की दूसरी लहर फिर से कहर बरपा रही है। कोरोना की वजह से पिछले साल आलू के दाम बहुत बढ़ गए थे। मार्च से लेकर दिसंबर तक आलू के दामों पर छाई महंगाई कम नहीं हुई थी। इस बार आलू नहीं, बल्कि दालों के दामों में उछाल आया है। दालों में पिछले करीब 15 से 20 दिन में दस से 15 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है। जिले की बात करें तो यहां दाल मुख्य तौर पर महाराष्ट्र और गुजरात से आती हैं। इन दोनों राज्यों में पहले से ही कोरोना संक्रमण विकराल रूप ले चुका है। ऐसे में जिले में आने वाली दालों की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। इस वजह से दालों के दाम बढ़े हैं। व्यापारी नेता सुशील जिंदल के अनुसार दालों के और तेल के दामों में थोड़ी तेजी आई है। खाद्य पदार्थों की आपूर्ति प्रभावित होने के कारण इनके दाम बढे़ हैं।
दाल दाम
अरहर 95
मूंग 100
मसूर 90
उड़द 85
उड़द दाल 110
काबुली चना 100
नोट : दालों के दाम प्रति किलो में हैं। इसके अलावा रिफाइंड के दाम 140 रुपये प्रति लीटर और सरसो के तेल के दाम 180 रुपये प्रति किलो में हैं।