शराब माफिया पर नकेल कसने की तैयारी
बिजनौर। त्रिस्तरीय चुनाव के मद्देनजर पुलिस, आबकारी विभाग व ग्राम प्रहरी मिलकर मदिरा का निर्माण, तस्करी व व्यापार करने वाले माफिया व सक्रिय गिरोह पर नकेल कसेगी। इसकी कार्ययोजना बनाई जा रही है। हर माह एक बार तीनों मिलकर थानों पर गोष्ठी भी करेंगे।
चुनाव के मद्देनजर शराब माफिया सक्रिय हो जाते हैं। चुनाव में इनकी बेची गई खूब शराब परोसी जाती है। कई बार शराब पीने से लोगों की मौत भी हो जाती हैं। ऐसे माफिया पर नकेल कसने की अभी से तैयारी कर ली गई है। आबकारी विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय आर भूसरेड्डी व अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने त्रिस्तरीय चुनाव के मद्देनजर प्रत्येक थाने पर माह में एक बार पुलिस, आबकारी विभाग व ग्राम प्रहरी संयुक्त गोष्ठी करने के निर्देश दिए हैं। कहा कि अवैध रूप से मदिरा का निर्माण, तस्करी व व्यापार करने वालों का पता लगाकर उन पर नकेल कसी जाए।
ग्राम प्रहरियों के माध्यम से इलाके के अपराध व अपराधियों की सूची एकत्र की जाए। आपस में सभी सूचनाओं का आदान-प्रदान हो। कोई ग्राम प्रहरी सूचना देने में आनाकानी करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। पुलिस व आबकारी विभाग सूचना मिलने पर कोई कार्रवाई नहीं करता तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई हो। इस मामले में एसपी सिटी, देहात, सीओ और थाना प्रभारियों को पहले ही निर्देश दिए जा चुके हैं। एसपी डा. धर्मवीर सिंह के मुताबिक शासन के निर्देश का पालन होगा। इस पर कार्रवाई शुरू करा दी गई हैं।