गैंगस्टर लगाकर संपत्ति कुर्क करने की तैयारी
बिजनौर। पुलिस ने एक माह पहले झालू में हुए रचित हत्याकांड के आरोपियों पर गैंगस्टर लगाई गई है। इन सभी आरोपियों की संपत्ति भी कुर्क होगी। इसके अलावा नगीना में एसडीओ पर हमला करने वालों पर भी गैंगेस्टर लगाई गई।
गांव सिहोरा गिरधर निवासी रचित पांच फरवरी को अपने साथियों के साथ झालू आया था। छतरी वाले कुएं के पास एक दुकान से वह मोबाइल ले रहा था। शारिक, शादाब, शहबर, शहजान व आसिफ आबदी ने उसपर गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने फरार आसिफ पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। बाद में उसे भी पुलिस ने दबोच लिया। झालू के नाजिम को भी दबोचा था। रचित को घर से बुलाकर ले जाने वाले जौनी व रितिक को भी पुलिस ने पकड़ा था। नहटौर के मोहल्ला लकडहान निवासी समीर, झालू निवासी वाजिद व एक अन्य आरोपी मतीन को भी दबोच लिया था। इन सब का रचित की हत्या में हाथ रहा था। इस घटना के बाद से झालू में पुलिस व पीएसी तैनात हैं। रचित हत्याकांड में सभी 11 आरोपियों पर गैंगस्टर की रिपोर्ट हल्दौर थाने में दर्ज हुई हैं। एसपी के मुताबिक इन सभी आरोपियों की संपत्ति भी कुर्क होगी। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है।
उधर, नगीना के मोहल्ला कलालान में 27 फरवरी को बिजली का बिल जमा नहीं करने पर कनेक्शन काटने गए एसडीओ अंकित कुमार, जेई व पूरी टीम पर जानलेवा हमला करके वाले तीनों भाई एहतेशाम अली उर्फ राजा, आदिल व सलीम पर भी पुलिस ने गैंगस्टर लगाई है। तीनों को पुलिस ने घटना के बाद दबोचा था। एहतेशाम ने 18 जुलाई 2015 को भी पुलिस पार्टी पर हमला किया था।