तैयारी गणित की, प्रवेश पत्र में विषय लिखकर आया होम साइंस
धामपुर। कॉलेज और यूपी बोर्ड की गलती से कई छात्र-छात्राएं परेशान हैं। इन छात्र-छात्राओं का कहना है कि उन्होंने हाईस्कूल में पढ़ा तो गणित, जबकि प्रवेश-पत्र में विषय लिखा आया होमसांइस। कुछ छात्राओं ने गृहविज्ञान पढ़ा और प्रवेशपत्र में गणित विषय लिखा आ गया। विद्यार्थियों ठीक कराने में भारी दिक्कत हो रही है। यदि वह रोल नंबर में लिखे विषय के अनुरूप में परीक्षा देते है।तो वे फेल हो जाएंगे। क्योंकि उन्होंने संबंधित विषय को साल भर कक्षाओं में पढ़ा ही नहीं है। ठीक कराने का प्रयास कर रहे हैं तो सफलता नहीं मिल रही है।
कन्या इंटर कालेज धामपुर की सानिया का कहना है कि वह हाईस्कूल की छात्रा है। उसका कला विषय का प्रश्नपत्र 26 मार्च को है। जब उसने गौर से अनुक्रमांक देखा तो उसमें कला विषय के स्थान पर कंप्यूटर विषय लिखा है। जबकि साल भर उसने कला विषय की पढ़ा है। कंप्यूटर विषय तो पढ़ा ही नहीं है। छात्रा ने कॉलेज में प्रधानाचार्य सविता सिंह से संपर्क किया। कॉलेज में उसके अभिलेखों को देखा। प्रधानाचार्य ने बताया कि छात्रा सोनिया ने जब कक्षा नौ में पंजीकरण कराया था तब उसने पंजीकरण कराते समय कला विषय को ऑनलाइन नहीं किया था। उसमें कंप्यूटर विषय ही लिखा है। ऐसे में अब संबंधित छात्रा को कंप्यूटर विषय का ही प्रश्नपत्र देना होगा। कॉलेज या बोर्ड अब कुछ नहीं कर सकता।
ऐसा मामला महाराणा प्रताप इंटर कालेज हबीबवाला के छात्र-छात्राओं के साथ हुआ। बताया गया कि इस कालेज में छात्रा खुशबू व नरगिस ने साल भर तो कॉलेज में होम साइंस की पढ़ाई की। पर रोल नंबर में गणित विषय लिखकर आ गया। जबकि इसी कालेज की छात्रा कशिश व सलोनी का कहना है कि उसने गणित विषय लिया था। जबकि रोल नंबर में होम साइंस विषय अंकित होकर आया है। कॉलेज प्रबंधक दीपक कुमार का कहना है कि समस्या का निदान कराने का प्रयास किया जा रहा है। वह परीक्षा केंद्र के व्यवस्थापक से संपर्क कर समस्या का निदान कराने के प्रयास में लगे हैं।