बिजनौर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा-2025 (पीईटी) 6 और 7 सितंबर को होगी। जिले के 22 परीक्षा केंद्रों पर होने वाली इस परीक्षा में 40,800 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की नजर में होगी और केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहेगा।
प्रारंभिक अर्हता परीक्षा-2025 केंद्रों पर दो-दो पालियों में होगी। प्रत्येक पाली में 10 हजार 200 परीक्षार्थी प्रतिभाग करेंगे। पहली पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और दूसरी पाली 3 बजे से 5 बजे तक संपन्न होगी। डीआइओएस जयकरन यादव ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण रूप से नकलविहीन संपन्न कराने के लिए केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। परीक्षा के दौरान कक्षों में प्रकाश की वैकल्पिक व्यवस्था रहेगी। परीक्षा केंद्र के अंदर अभ्यर्थी के लिए मोबाइल फोन, डेटा कार्ड, ईयर फोन, कैलकुलेटर, ब्लू टूथ डिवाइस आदि लाना पूर्ण प्रतिबंधित है।