बिजनौर। गांव पथरा में नीरज उर्फ नीटू की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। फिलहाल पुलिस को नीटू से ब्याज पर पैसा लेने वाले कर्जदारों का रजिस्टर मिला है। पुलिस इस मामले में लेनदेन या विवाद समेत कई पहलुओं पर जांच में जुटी है।
रजिस्टर में कर्ज लेने वालों के नाम और वसूली का पूरा ब्योरा है। पुलिस इसमें यह देखने का प्रयास कर रही है कि आखिर किस किस पर मोटी रकम की देनदारी है। बता दें कि सोमवार की शाम नीरज उर्फ नीटू की गोली मारकर उस वक्त हत्या कर दी गई जब वह खेत में चारा काट रहा था। कनपटी के पास माथे में तमंचे से गोली मारी गई। पुलिस करीब 12 नंबरों की सीडीआर खंगाल रही है। नीटू ब्याज पर पैसा देने का भी काम करता था, इसके साथ ही वह बिजनौर नगर पालिका में कूड़े की गाड़ी पर आउटसोर्सिंग कर्मी के तौर पर बतौर चालक भी काम करता था।
नीटू हत्याकांड में कई संदिग्धों से पूछताछ की गई है। लेनदेन समेत अन्य बिन्दुओं पर भी नजर है। जल्द ही हत्या का खुलासा कर दिया जाएगा। ...संजीव वाजपेयी, एएसपी सिटी