महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने को जागरूक करेंगे प्रधान
नजीबाबाद। सखी वेलफेयर सोसायटी ने ग्राम प्रधानों के सहयोग से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और संस्था की मुहिम को ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर पहुंचाने के लिए एक और कदम आगे बढ़ाया है। संस्था की अध्यक्ष डॉ. राखी अग्रवाल ने ग्राम प्रधानों से अपने गांव में महिलाओं को जागरूक करने का आह्वान किया।
नजीबाबाद और उसके आसपास के ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सखी वेलफेयर सोसाइटी ने ग्राम प्रधानों को साथ जोड़ने का काम किया है। सखी वेलफेयर सोसाइटी के कार्यालय पर डॉ. राखी अग्रवाल की अध्यक्षता में क्षेत्र के 20 ग्राम प्रधानों की बैठक आयोजित हुई। डॉ. राखी अग्रवाल ने प्रधानों से कहा कि वे अपने गांव से पांच लोग अपने साथ लेकर घर-घर जाए और संस्था द्वारा किया जा रहे कार्यों व महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की निशुल्क मुहिम के प्रति ग्रामीणों को जागरूक कर उनके विकास में सहायक बने। डॉ. संदीप अग्रवाल ने कहा कि संस्था सिलाई, ब्यूटीशियन आदि निशुल्क प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य कर रही है। उन्होंने सभी प्रधानों से अधिक से अधिक संख्या में इस कार्य में सहयोग करने की अपील की। बैठक में ग्राम प्रधान सुखवीर सिंह, राजवीर सिंह, राहुल हुड्डा, ओमप्रकश सिंह, नकुल, मनोज, कृष्णा आदि मौजूद रहे।