बिजनौर/धामपुर। जिले में बिजली आपूर्ति का शेड्यूल बदलने के बाद भी आपूर्ति के हालात नहीं बदले हैं। शनिवार को दिन भर नगर में बिजली संकट छाया रहा।
बिजली की आंखमिचौनी उपभोक्ताओं का सिरदर्द बनी हुई है। आपूर्ति में सुधार कराने को लेकर विद्युत निगम के अफसर भी पंगु साबित हो रहे हैं। दो दिन पहले शेड्यूल बदलने के बाद उम्मीद जताई जा रही थी कि बिजली संकट की समस्या से निदान मिलेगी, लेकिन हालात बिल्कुल भी नहीं बदले।
बिजली कटौती के कारण शनिवार को भी हाहाकार मचा रहा। सुबह और शाम कई घंटे अतिरिक्त बिजली कटौती की गई। उधर बिजली संकट के चलते खेती बुरी तरह से प्रभावित हो रही हैं। एक्सईएन अजय गर्ग का कहना है कि शनिवार सुबह आवास विकास बिजलीघर पर फाल्ट होने के कारण आधे शहर की बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।
शाम को बुखारा बिजलीघर पर फाल्ट हो गया था। इसे देर शाम तक सही किया गया। कुछ एक फीडर को छोड़कर नगर में पंद्रह घंटे व देहात में नौ घंटे बिजली आपूर्ति की जा रही है।
उधर, धामपुर में अंधाधुंध बिजली कटौती से क्षेत्रवासी परेशान हैं। शंकर सिंह, नारंग सिंह आदि ने कहा कि बार बार शिकायत के बाद भी समस्या का निदान नहीं हो रहा है। एक्सईएन ओमपाल सिंह ने बताया कि कंट्रोल के आदेश पर नगर को जितनी बिजली मिलने के आदेश हैं, उतनी बिजली आपूर्ति की जा रही है।
उपभोक्ताओं ने जेई को घेरा
नींदडू़। शनिवार को विद्युत कटौती और लगातार ट्रिपिंग की समस्या से जूझते उपभोक्ताओं का धैर्य जवाब दे गया। वे जिला पंचायत सदस्य फिरासत हुसैन के नेतृत्व में बिजलीघर पहुंचे और जबरदस्त नारेबाजी की। कार्यालय में मौजूद अवर अभियंता का घिराव किया और थोड़ी थोड़ी देर के बाद होने वाली ट्रिपिंग से निजात के साथ नियमित रूप से बिजली आपूर्ति की मांग की।
जफर कुरैशी, मुजीबुर्रहमान, नसीम अहमद, मोहम्मद आबाद, महबूब अहमद, रईस अहमद आदि रहे। इस बीच बिजलीघर में मौजूद अवर अभियंता महेश कुमार ने उपभोक्ताओं के सामने अधिशासी अभियंता से वार्ता कर उपभोक्ताओं को दो दिन बाद नींदडू़ टाउन फीडर शुरू होने, ट्रिपिंग की समस्या के निदान और बेहतर बिजली सप्लाई का यकीन दिलाया। जेई के आश्वासन पर उपभोक्ता वापस चले गए।
मुख्य बाजार में प्रदर्शन
अफजलगढ़। क्षेत्र में अंधाधुंध बिजली कटौती पर शनिवार को लोगों का गुस्सा भड़क गया। विद्युत निगम के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए बिजली आने जाने का समय तक निर्धारित करने की मांग की। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
मुख्य बाजार में निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि बिजली कटौती और लो-वोल्टेज ने रुला दिया है। निगम क्षेत्र में शेड्यूल के अनुसार बिजली सप्लाई नहीं दे रहा है। दो तीन घंटे ही आपूर्ति मिल रही है। जिस कारण रोजगार चौपट होते जा रहे हैं। जनरेटर का इस्तेमाल करने से दोगुना खर्च बैठ रहा है। विद्युत निगम मामले को गंभीरता से नहीं ले रहा है।
संगठनों ने बिजली आपूर्ति न मिलने पर जेई कार्यालय पर प्रदर्शन भी किया था, मगर एक्सईएन ने आश्वासन के अलावा कुछ नहीं दिया। बिजली सप्लाई नहीं मिलने की वजह से किसानों की खड़ी फसलें सूखने लगी हैं। धान की फसल के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है।
चेताया यदि बिजली आपूर्ति में निगम ने शीघ्र सुुुधार नहीं किया तो आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। मौके पर जाहिद खान, मोहम्मद अशरफ, विशाल, सलीम, शाकिर, नफीस, अरशद, मोहम्मद फहीद, सलीम, इमरान, रिजवान, कादिर रहे। उधर, जेई रणजीत सिंह का कहना है कि आपूर्ति में सुधार के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।