नजीबाबाद में व्यापक विद्युत कटौती और लो-वोल्टेज से जूझ रहे किसानों ने विद्युत निगम अधिकारियों का घेराव किया। तीन हफ्ते में सुधार न होने पर भारतीय किसान यूनियन ने आंदोलन की चेतावनी दी।
भाकियू के प्रांतीय उपाध्यक्ष बलराम सिंह के नेतृत्व में कई किसान नेता बृहस्पतिवार को विद्युत निगम के एक्सईएन कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने अधिशासी अभियंता देवेंद्र सिंह एवं एसडीओ अशोक कुमार का घेराव किया। बलराम सिंह ने कहा कि बिजली की व्यापक विद्युत कटौती से ग्रामीण क्षेत्रों में न केवल जनजीवन प्रभावित है, बल्कि कृषि कार्य में अवरोध उत्पन्न होने से किसान मानसिक रूप से परेशान हैं। ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने बिजली की लो-वोल्टेज से समस्या जस की तस बनी रहने की बात कही। भाकियू नेताओं ने चेतावनी दी कि तीन हफ्ते के भीतर ग्रामीण क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ, तो भाकियू के नेतृत्व में किसान आंदोलनात्मक कदम उठाने पर मजबूर होंगे। कहा कि आए दिन कटौती से लोग परेशान है। किसान भी सिंचाई न होने से चिंतित हैं। इस मौके पर इकबाल सिंह, नरदेव सिंह, दिनेश कुमार, हरपाल सिंह, भोपाल सिंह, नितिन राजपूत, मदन चौहान, विपुल चौहान, विनीत, अक्षय, अजय आदि उपस्थित रहे।