बिजनौर बाईपास पर चक्कर चौराहे के पास टूटी सड़क। संवाद
बिजनौर। पहली बारिश ने ही चक्कर रोड की बदहाली सामने ला दी। सड़क पर बने गहरे गड्ढे अब हादसों को न्योता दे रहे हैं। बाइक और स्कूटी सवारों के लिए इस सड़क का सफर खतरे से खाली नहीं है। बारिश के बाद तमाम सड़कें कई स्थानों से उखड़ गई है और जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं।
सबसे अधिक खराब स्थिति सैंट मेरीज चौराहे के आसपास है। यहां जलभराव के कारण सड़क कई जगह धंस गई और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। नगीना रोड स्थित चक्कर चौराहे पर भी सड़क की परत उखड़ चुकी है। वाहन चालकों को गड्ढों से बचने के लिए बार-बार वाहन की दिशा बदलनी पड़ रही है, जिससे दुर्घटना की आशंका और बढ़ गई है।
पराग डेयरी के पास सड़क पर बने गहरे गड्ढे राहगीरों के लिए सबसे बड़ी मुसीबत बने हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां आए दिन बाइक सवार गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे हैं। रात के समय और बारिश के दौरान पानी भर जाने से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे खतरा कई गुना बढ़ जाता है। समय रहते मरम्मत नहीं होने से लोगों को परेशानी और हादसों का सामना करना पड़ता है।
बारिश से जिले की चक्कर रोड समेत छह सड़कों को नुकसान पहुंचा है। ऐसे में यदि जल्द मरम्मत कार्य शुरू नहीं कराया गया तो लगातार हो रही बारिश के बीच सड़क की स्थिति और खराब हो सकती है।
बिजनौर बाईपास पर चक्कर चौराहे के पास टूटी सड़क। संवाद