मुनाफे की आस में घाटा दे रहा आलू
बिजनौर। मुनाफे की आस में महंगा बीज बोकर आलू की फसल लेने वाले किसानों को अब घाटा उठाना पड़ रहा है। जिले में आलू की फसल की खोदाई अभी ठीक से शुरू भी नहीं हुई और पंजाब, हरियाणा व आसपास के जिलों की फसल ने आलू के दाम गिरा दिए हैं। अक्तूबर के महीने में किसानों ने 13 से 14 रुपये किलो में आलू का बीज लेकर लगाया था, लेकिन मंडी में आलू चार से पांच रुपये किलो ही बिक रहा है। आलू की पैदावार भी इस बार बहुत अच्छी है।
जिले में आलू की फसल पांच हजार हेक्टेयर से अधिक जमीन में बोई जाती है। कोरोना काल के वक्त से आलू की फसल के दाम बहुत महंगे चल रहे थे। सितंबर में आलू की फसल का बीज भी ढाई गुना तक महंगा हो गया था। आमतौर पर आलू का बीज बाजार से 370 से 450 रुपये प्रति क्विंटल तक पर मिल जाता था। लेकिन फसल पर महंगाई को देखते हुए बीज के दाम भी बढ़ गए थे। बीज के दाम बढ़कर 1300 से 1400 रुपये प्रति क्विंटल पहुंच गए थे। सरकारी बीज भी किसानों को महंगा मिला था। तब आढ़त पर आलू 2500 रुपये प्रति क्विंटल तक बिक रहा था।
महंगा बीज लगाकर किसानों ने फसल में मेहनत भी बहुत की। अब फसल काटने का नंबर आया तो किसानों को पंजाब, हरियाणा और आसपास के जिलों की फसल ने झटका दे दिया है। जिले की फसल तैयार होने से पहले ही यहां दूसरी जगह से फसल मंडी में आ गई है। आमतौर पर जिले की फसल पहले आती है और बाकी राज्यों की फसल की दस्तक जिले में बाद में होती थी, लेकिन इस बार उल्टा हो गया है। इस समय आढ़त पर थोक में आलू के दाम 450 से 550 रुपये प्रति क्विंटल ही रह गए हैं। यह हाल तब है जबकि अभी जिले की फसल की खुदाई नाम मात्र की ही शुरू हुई है।
किसान हरजिंद्र सिंह, प्रदीप कुमार आदि का कहना है कि फसल में मुनाफा वजन से नहीं बल्कि रेट से होता है। फसल की पैदावार तो अच्छी होगी, लेकिन इस समय रेट अच्छे नहीं चल रहे हैं। रेट अच्छे न मिले तो जिले के किसानों को नुकसान उठाना होगा।
कोल्ड स्टोर में रखा जा रहा आलू
बिजनौर। बाजार में आलू की घट रही कीमत के कारण किसान मंडी के बजाए कोल्ड स्टोर में आलू को स्टोर कर रहे हैं। इस आलू को बाजार अच्छा होने पर निकाला जाएगा। अमन कोल्ड स्टोरेज के संचालक अमन गोयल के अनुसार अभी जिले में आलू की खोदाई पूरी तरह शुरू नहीं हुई है। अभी उनके यहां केवल 492 बोरी आलू ही आया है। किसान अभी फसल ही कोल्ड स्टोरेज में रखने के लिए ला रहे हैं। अगली फसल के लिए आलू का बीज अभी नहीं रखा जा रहा है।