पॉस मशीन से होगी यूरिया की बिक्री
बिजनौर। यूरिया की बाजार में उपलब्धता में कमी न आने देने व संभावित कालाबाजारी को रोकने के लिए शासन सतर्क हो गया है। किसानों को दुकानों से केवल प्वाइंट ऑफ सेल (पॉस) मशीनों से ही यूरिया बेचने के आदेश दिए गए हैं। अगर कोई दुकानदार निर्धारित मूल्य से अधिक पर यूरिया बेचते हुए पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कई बार सर्दियों में यूरिया की किल्लत आने पर यूरिया की कालाबाजारी होने लगती है। यहां तक कि यूरिया को नेपाल तक में भेज दिया जाता है। ऐसी संभावित स्थिति से निपटने के लिए शासन पहले ही सतर्क है। प्रमुख सचिव अमित मोहन प्रसाद ने सभी डीएम को लिखे पत्र में कहा है कि किसी भी कीमत पर यूरिया की कमी नहीं आने देनी है। किसानों को यूरिया पॉस मशीन से ही बेचा जाए। किसानों की जमीन के हिसाब से उनकी जरूरत के अनुसार ही यूरिया दिया जाए। अगर कोई दुकानदार निर्धारित मूल्य से अधिक पर या बिना पॉस मशीन के यूरिया बेच रहा है तो उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए। दुकानों की जांच करके पेपर पर दर्शाए गए खाद के स्टॉक का मिलान किया जाए।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता अमित त्यागी ने बताया कि जिले में यूरिया व अन्य खाद की कोई कमी नहीं है। पॉस मशीन से यूरिया की बिक्री कराई जा रही है। अगर कहीं नियमों के खिलाफ काम होता है तो दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।