बिजनौर में हल्दौर, धामपुर व चांदपुर में गरीबों को रहने के लिए जल्द ही घरौंदे मिलेंगे। कांशीराम शहरी गरीब आवास फेज तीन योजना के तहत तीनों शहरों में 600 आवास बनकर तैयार हो गए हैं। यह सभी आवास कार्यदायी संस्था आवास विकास ने बनाए हैं। जल्द ही ये आवास गरीबों को रहने के लिए दिए जाएंगे।
कांशीराम शहरी गरीब आवास फेज तीन योजना के तहत चांदपुर , हल्दौर , धामपुर में काफी दिनों से आवास बनाए जा रहे थे। आवास बनाने का जिम्मा कार्यदायी संस्था आवास विकास के हाथों में है। तीनों शहरों में गरीबों के बसने के लिए ये आवास बनकर तैयार हो गए हैं। आवास विकास के जेई ओमपाल सिंह के मुताबिक चांदपुर में 21 ब्लाक में 252 आवास बनाए गए हैं। एक ब्लाक में 12 भवन बने हैं।
हल्दौर में 108 आवास बने हैं ये आवास नौ ब्लॉक में बंटे हैं। इस कॉलोनी में ट्यूबवेल का बोरिंग तो हो गया है, पर ट्यूबवेल अभी बना नहीं है। विद्युत लाइन भी अभी नहीं डाली गई है।
धामपुर में 248 आवास 20 ब्लॉक में बने हैं। ट्यूबवेल के लिए ओवर हैड टैंक बन गया। विद्युत लाइन भी अभी नहीं पड़ी है। ये आवास जल्दी ही तैयार होकर प्रशासन को आवंटन के लिए सौंप दिए जाएंगे।
जेई ओमपाल सिंह के मुताबिक एक आवास में दो कमरे, लैट्रिंग-बाथरूम व किचन हैं।