स्योहारा। ग्राम मधुपुरा में शीतल उर्फ पूजा (20) की उसके पति प्रिंस ने गला दबाकर हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार प्रिंस शराब का आदी था और आए दिन पत्नी से विवाद करता था।
मंगलवार सुबह पूजा उर्फ शीतल का शव घर में मिला था। गले पर चोट के निशान मिलने से यह मामला संदिग्ध हो गया था। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए थे, जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई थी। मृतका के मायके वालों आरोप था कि विवाह के बाद से ही प्रिंस कुमार अक्सर शराब पीकर शीतल के साथ मारपीट करता था। सोमवार रात भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। सुबह जब परिवार ने शीतल को मृत देखा तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मृतका के पिता नौबहार सिंह की तहरीर पर पति प्रिंस कुमार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। सीओ धामपुर अभय कुमार पांडेय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शराब सेवन और घरेलू विवाद के संकेत मिले हैं। सोमवार की शाम को पूजा ने पति प्रिंस से घरेलू उपयोग का सामान लाने को कहा था लेकिन वह सामान न लाकर शराब पीने चला गया था। इस पर दोनों के बीच झगड़ा व मारपीट हुई थी। उसके बाद प्रिंस ने शराब के नशे में पूजा की गला दबाकर हत्या की थी। आगे की जांच के लिए फॉरेंसिक रिपोर्ट और कॉल डिटेल्स भी खंगाली जा रही हैं।