बिजनौर। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं में सम्मिलित होने वाले छात्राओं को अपने शैक्षिक विवरणों में त्रुटियों को दूर करने का मौका दिया है। विद्यार्थी 25 अक्तूबर तक माध्यमिक विभाग की वेबसाइट यूपीएमएसपी डॉट ईडीयू डॉट इन (upmsp.edu.in) पर अपने विवरण संशोधित कर सकते हैं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव ने बिजनौर के जिला विद्यालय निरीक्षक समेत सभी को पत्र जारी किए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक जयकरन यादव ने सभी प्रधानाचार्यों को पत्र लिखा। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे अपने विवरणों को ध्यान से जांच लें। कहा कि यदि किसी संस्थागत, व्यक्तिगत छात्र-छात्राओं के नाम के शैक्षिक विवरणों जैसे छात्र के नाम, माता-पिता के नाम में वर्तनी त्रुटि, जेंडर, जाति, विषय, फोटो अपडेशन आदि में संशोधित कराए जाने के लिए 25 अक्तूबर तक वेबसाइट खुली रहेगी। बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को भविष्य में होने वाली समस्याओं से बचने में मदद मिलेगी।
ऐसे करें संशोधन
डीआईओएस ने बताया कि विद्यार्थी माध्यमिक विभाग की वेबसाइट यूपीएमएसपी डॉट ईडीयू डॉट इन पर जाकर अपने विवरण संशोधित कर सकते हैं। यह विद्यार्थियों के पास अपने शैक्षिक विवरणों में त्रुटियों को दूर करने का अच्छा अवसर है।