पोलिंग पार्टी शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए रवाना
बिजनौर। शिक्षक एमएलसी के चुनाव कराने को पोलिंग पार्टियों को कलक्ट्रेट से मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया। सभी पोलिंग पार्टी देर शाम तक आवंटित मतदान केंद्रों पर पहुंच गई हैं। डीएम ने मतदान कर्मियों से पूरी निष्पक्षता से मतदान कराने के निर्देश दिए हैं। शिक्षक एमएलसी के लिए एक दिसंबर मंगलवार को सुबह आठ बजे से शाम बजे तक वोट पड़ेंगे।
जिले में 12 मतदान केंद्रों पर 13 बूथ हैं। जीआईसी बिजनौर मतदान केंद्र पर एक हजार से अधिक वोटर होने से दो बूथ हैं। हल्दौर, चांदपुर, धामपुर, नजीबाबाद, नगीना, किरतपुर, शेरकोट, अफजलगढ, नूरपुर , नहटोर स्योहारा मतदान केंद्रों पर एक एक बूथ है। कुल 6354 मतदाता हैं। डीएम ने मतदान कराने के लिए 13 पोलिंग पार्टी के 52 कर्मचारियों को रवाना किया। तीन पोलिंग पार्टी के 12 कर्मचारी रिजर्व में रखे गए हैं। पहली पोलिंग पार्टी साढ़े 12 बजे तथा आखिरी पोलिंग पार्टी दो बजे कलक्ट्रेट से रवाना हुई।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि मतदान केंद्रों पर कोरोना से बचाव के निर्देश का पालन करने को कहा गया है। बताया सभी पोलिंग पार्टी शाम तक आवंटित मतदान केंद्रों पर पहुंच गईं हैं।
निगरानी को 21 मजिस्ट्रेट तैनात
बिजनौर। शिक्षक एमएलसी चुनाव पर निगरानी के लिए 12 सेक्टर तथा नौ जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। सभी केंद्रों पर सशस्त्र पुलिस बल रहेगा। जिला मुख्यालय पर निर्वाचन दफ्तर में कंट्रोल रूम बना है। जो सीधा मतदान अधिकारियों से जुड़ा रहेगा।