31 जनवरी को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
बिजनौर। 31 जनवरी को जिले भर में पांच साल तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद एक से पांच फरवरी तक जिले भर में घर-घर अभियान चलाकर 31 जनवरी को बूथों पर आकर दवाई पीने से छूटे बच्चों को दवाई पिलाई जाएगी। पहले यह अभियान 17 जनवरी से चलना था, लेकिन 16 जनवरी को कोरोना वैक्सीनेशन अभियान का प्रथम चरण शुरू होने के कारण शासन ने यह तारीख आगे बढ़ाकर 31 जनवरी कर दी है।
फिलहाल जनपद में एक भी पोलियो का केस नहीं है। हालांकि पूरे देश में भी वर्तमान में कोई सक्रिय केस नहीं है। मगर फिर भी एहतियात के तौर पर शासन की ओर से यह अभियान चलाया जाता है, जिससे बच्चों में यह वायरस फिर से न पनपने पाए। इसी को ध्यान में रखते हुए जिले में 31 जनवरी, रविवार से पोलियोरोधी खुराक पिलाने की शुरुआत की जाएगी। इसके लिए जनपद में कुल 2233 बूथ बनाए जाएंगे। इसी दिन बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और बाजार आदि में लगभग 139 ट्रांजिट बूथ बनेंगे। एक से पांच फरवरी तक जिले भर में 1337 टीम घर-घर जाकर इस दिन पोलियो की खुराक पीने से छूटे बच्चों को दवाई पिलाकर प्रतिरक्षित करेंगी। इनकी निगरानी के लिए करीब 410 सुुपरवाइजर लगाए गए हैं। यह जानकारी जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने दी।