बिजनौर। धनतेरस के साथ ही पंच उत्सव का आगाज हो चुका है। ऐसे में पंच उत्सव के पहले दिन बाजार में खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। सड़कों पर वाहनों का बोझ नजर आया। ऐसे में यातायात को सुचारु रखने के लिए पुलिस को व्यवस्था संभालनी पड़ी। ई-रिक्शाओं की बाजार की सड़कों पर नो एंट्री रही।
मंगलवार को शहर और बाजार के चौराहों पर पुलिस बल को तैनात कर दिया गया था। पुलिस ने बैरियर लगाकर चार पहिया वाहनों और ई-रिक्शाओं को अंदर जाने से रोका। सिर्फ बाइकों को सदर बाजार और सिविल लाइन में जाने की अनुमति थी। मगर, इसके भी जाम के हालात बने रहे। सदर बाजार में पैदल भी चलना मुश्किल हो गया।
उधर, बाजारों में भीड़ को देखते हुए पुलिस अफसर भी सड़क पर उतर आए।
एसपी अभिषेक झा और एएसपी देहात राम अर्ज ने नूरपुर के बाजार में पैदल गश्त की। उन्होंने ड्यूटी कर रहे पुलिस कर्मियों के बीच मिठाई भी बांटी। साथ ही भीड़ भाड़ वाले इलाकों में पैनी नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। बिजनौर शहर में एएसपी सिटी संजीव वाजपेयी, सीओ सिटी संग्राम सिंह और शहर कोतवाल ने पैदल मार्च किया। इसके अलावा धामपुर में एएसपी पूर्वी धर्म सिंह मार्छाल और सीओ सर्वम सिंह बाजार में पैदल गश्त करते हुए लगातार नजर बनाए रहे। संवाद।