स्योहारा। एफडी कराने के नाम पर एक आरोपी ने अपने पुत्र के साथ मिलकर बहन की रकम हड़प ली। मामले में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी पिता-पुत्र की तलाश में जुटी है।
शशि देवी पत्नी अमित चौधरी निवासी ग्राम शाहपुर सैदू, थाना कोतवाली बिजनौर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें कहा गया कि उसकी पहली शादी बागड़पुर के अनिरुद्ध चौधरी के साथ हुई थी। शादी के डेढ़ साल बाद ही अनिरुद्ध की सड़क हादसे में मौत हो गई। इसके बाद ससुराल पक्ष से समझौते के तहत उसे नौ लाख 75 हजार रुपये मिले थे। यह राशि उसने अपनी पांच माह की बेटी सृष्टि के भविष्य के लिए एफडी कराने के उद्देश्य से अपने भाई जागेश और भतीजे निशू को दे दी थी। आरोप है कि भाई और भतीजे ने मात्र एक लाख रुपये लौटाए और शेष रकम हड़प ली। जब महिला ने बेटी के नाम एफडी कराने की बात कही तो वे टालमटोल करते रहे और बाद में पैसे देने से साफ इन्कार कर दिया। महिला का कहना है कि अब आरोपी उसे धमकी भी दे रहे हैं। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पीड़िता ने बताया कि पहले पति की मौत के बाद उसकी दूसरी शादी अमित चौधरी से हुई है।