सरकड़ा को पुलिस ने किया सील
धामपुर। थाना क्षेत्र के गांव सरकड़ा चकराजमल में तीन पॉजिटिव केसों के मिलने से ग्रामीणों में दहशत है। राजस्व और पुलिस विभाग की ओर से गांव के संबंधित मोजों को लकड़ी की बल्लियां लगाकर सील कर दिया गया है। जो कोरोना पॉजिटिव केस मिले है। यह उसी महिला के परिवार से है जिसकी छह जून को मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मृतक महिला के परिवार के सदस्यों की जांच को तीन दिन पहले सैंपल लिए थे। बुधवार रात इनमें से तीन सदस्यों के कोरोना पॉजिटिव आने से ग्रामीणों में दहशत है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम में शामिल कर्मियों ने बताया कि गांव सरकड़ा में एक युवक 20 दिन पहले गुजरात से घर आया था। चार जून को युवक की मां की तबियत अचानक खराब हो गई थी। परिवार के लोग वृद्धा का उपचार कराने को मुरादाबाद निजी अस्पताल में ले गए थे। इस दौरान डाक्टरों ने महिला की कोरोना जांच भी की थी। लेकिन छह जून को महिला की मौत हो गई। परिवार के लोगों ने जब मृतका का दफीना कर दिया तो सात जून को जांच रिपोर्ट आई। जिसमें मृतक महिला को कोरोना पॉजिटिव होना पुष्ट हुआ। तीन दिन पहले टीम ने मृतका के परिवार के सदस्यों सहित करीब 55 लोगों की रेंडम परीक्षण कर जांच को सैंपल लिए थे। बुधवार मिली रिपोर्ट में मृतक महिला के परिवार के तीन सदस्यों को कोरोना पॉजिटिव होना पुष्ट हुआ। बताया गया कि जो पॉजिटिव मिले हैं। वह तीनों महिलाएं है। टीम ने तीनों महिलाओं को उपचार के लिए कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि प्रशासन ने गांव के संबंधित मोजे को सात जून से ही सील कर रखा है। अब प्रशासन और सतर्क हो गया है। पुलिस ने छह कर्मियों को तैनात कर रखा है। उधर गांव के लोगों का आरोप है कि पुलिस प्रशासन ने गांव को हॉट स्पॉट बना सील को कर रखा है। पर गांव के संबंधित मौजे में लोगों की आवाजाही पर रोक नहीं लग रही है। डीएम से कोरोना एडवाइजरी को शत प्रतिशत पालन कराने की मांग की है। उधर एसडीएम धीरेंद्र सिंह का कहना है कि वह निरीक्षण कर आदेशों का सख्ती से पालन कराने का प्रयास करेंगे।