बिजनौर में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान तीन बदमाशों को किरतपुर क्षेत्र में चार दिन पहले किसान की हत्या के बाद लूटे गए ट्रैक्टर के साथ दबोचा है। बदमाशों के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल के अलावा तमंचा और चाकू भी मिला है।
एसपी अतुल शर्मा के मुताबिक 5 जून की रात किरतपुर थाने के गांव महेशपुर खेड़ी में बदमाशों ने 82 साल के किसान भरतू की हत्या करके उसका ट्रैक्टर लूट लिया था। किरतपुर पुलिस के साथ स्वाट, सर्विलांस टीम को इस केस के खुलासे में लगाया गया था। टीम ने शनिवार को किरतपुर क्षेत्र में आलोपुर वाली नहर के पुल से मुठभेड़ के दौरान मुजफ्फरनगर जिले के ककरौली थाना क्षेत्र के गांव दरियापुर निवासी सतेंद्र उर्फ छोटू, मनेंद्र उर्फ मोनू गुर्जर व बिजनौर कोतवाली क्षेत्र के गांव बाखरपुर निवासी राजन उर्फ कालू को लूटे गए ट्रैक्टर समेत दबोच लिया है। पकड़े गए बदमाशों ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि राजन उर्फ कालू के मामा गांव महेशपुर खेड़ी में भरतू के घर के सामन रहते हैं।
राजन वहां आता-जाता था। राजन ने भरतू के घर पर नया महेंद्रा ट्रैक्टर देखा। राजन ने ट्रैर्क्टर के बारे में मनेंद्र उर्फ मोनू गुर्जर व अपने बहनोई सतेंद्र उर्फ छोटू को बताया। 15 दिन गांव दरियापुर में तीनों ने ट्रैक्टर लूटने की योजना बनाई। गांव महेशपुर खेड़ी आकर ट्रैक्टर लूटने के लिए रैकी की। तीनों बाइक से पांच जून की रात बिजनौर आ गए। गांव महेशपुर खेड़ी के मंदिर में बाइक खड़ी कर दी। रात में तीनों दीवार फांदकर भरतू के घर में घेर में घुस गए।
भरतू चारपाई पर मच्छरदानी लगाकर सो रहा था। बदमाशों ने भरतू को उठाकर उससे ट्रैक्टर की चाबी मांगी। भरतू ने शोर मचाया तो राजन ने भरतू का मुंह पर हाथ रखकर बंद कर दिया और गला घोंटकर हत्या कर दी। सतेंद्र ट्रैक्टर लेकर चल दिया। राजन ट्रैक्टर के पीछे बैठ गया। ट्रैक्टर गंगा खादर में सुनसान स्थान पर खड़ा कर दिया। शनिवार को ट्रैक्टर बेचने के लिए मोनू गुर्जर के मौसरे भाई मेरठ जिले के परतापुर थाना क्षेत्र के गांव बहादरपुर निवासी सोनू पुत्र बलवीर के बुलाने पर जा रहे थे। तब पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
गांव बहादरपुर के सोनू की तलाश में भी पुलिस लगी है। एसपी ने बताया कि पकड़ा गया राजन उर्फ कालू बिजनौर क्षेत्र में हुई विजयपाल की हत्या में भी जेल जा चुका है। एसपी ने केस का खुलासा करने वाली टीम में शामिल सर्विलांस टीम के प्रभारी जसवीर सिंह, स्वाट टीम के प्रभारी वीरेंद्र सिंह, सिपाही कमल गोसाई, अरविंद कुमार, खालिद, अरविंद पंवार, मनमोहन, किरतपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक मुनीषचंद्र शर्मा, दरोगा विनोद कुमार, समेत पूरी टीम को इनाम देने की घोषणा की है।