नगीना। मंगलवार की रात्रि डायल 112 को नगीना रेलवे स्टेशन पर बम रखे होने की सूचना मिलने पर पुलिस के हाथ पांव फूल गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो सूचना झूठी निकाली तथा आरोपी युवक मानसिक रूप से बीमार निकला।
मंगलवार की रात्रि करीब नौ बजे एक युवक ने पुलिस को डायल 112 पर यह सूचना दी की नगीना रेलवे स्टेशन पर बम रखा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी डॉक्टर अंजनी कुमार चतुर्वेदी व थाना अध्यक्ष अवनीत मान पुलिस बल के साथ रेलवे स्टेशन पर पहुंच गए। सूचना देने वाले के नंबर पर कॉल करते हुए पुलिस ने उसे रेलवे स्टेशन के बाहर टहलते हुए पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान धामपुर निवासी 30 वर्षीय मयंक के रूप में हुई। पुलिस का कहना है कि पकड़ा गया आरोपी मानसिक रूप से बीमार है तथा अक्सर नगीना रेलवे स्टेशन के आसपास घूमता हुआ दिखाई देता रहा है। फिलहाल पुलिस पूछताछ के लिए आरोपी युवक को पकड़कर थाने ले आई है। सीओ डॉक्टर अंजनी कुमार चतुर्वेदी का कहना है कि सूचना देने वाला युवक मानसिक रूप से बीमार है। आसपास के लोगों ने बताया कि वह पूर्व में भी इस तरह की हरकत कर चुका है।