नगीना। शाहजहांपुर में प्रतिबंधित चीन के मांझे से सिपाही के घायल हो जाने के बाद नगीना पुलिस की भी नींद टूट गई। पुलिस ने रविवार को पतंग की दुकानों पर खूब छापा मारा, लेकिन उसके हाथ चीन का मांझा नहीं आया। हालांकि पतंग उड़ाने के शौकीन लोगों का दावा है की चीन का मांझा जानकार लोगों को ही दुकानदार देते हैं।
नए दौर में अब पतंगबाजी का शौक पहले के मुकाबले तो बहुत कम हो गया है। लेकिन पतंग उड़ाने के शौकीन अभी भी हैं। नगीना में बाजार बिश्नोई सराय, नालबंदान, कलालान, पहाड़ी दरवाजा, मनिहारी सराय आदि मोहल्ले में करीब एक दर्जन पतंग की दुकानें हैं। सूत्रों की मानें तो चीनी मांझे के ग्राहकों की संख्या अधिक होने के चलते दुकानदार प्रतिबंध के बावजूद इस मांझे की बिक्री को चोरी-छिपे करते रहते हैं। यही वजह है कि चीन का मांझा बाजार में बिकता तो है लेकिन पुलिस को दिख नहीं पाता है। बताया जा रहा है कि चीन का मांझा अब ऑनलाइन भी बेचा जा रहा है।