पुलिस अधिकारी का भाई भी मिला संक्रमित
बिजनौर। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की माता के बाद अब उनका भाई भी कोरोना संक्रमित पाया गया है। पुलिस अधिकारी के आवास के बाकी कर्मचारियों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। पुलिस अधिकारी का भाई घर में ही क्वारंटीन था। अब उसे उपचार के लिए भेजा जा रहा है।
जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की माता को तीन दिन पहले कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। पुलिस अधिकारी अपने परिवार के साथ नजीबाबाद रोड स्थित एक होटल में रह रहे थे, जबकि उनकी माता उनके सरकारी आवास पर रह रहीं थी। उनकी माता को उपचार के लिए मुरादाबाद भेजा गया था। पुलिस अधिकारी के आवास के 25 कर्मचारियों के सैंपल जांच को भेजे गए थे। पुलिस अधिकारी का छोटा भाई भी उनके सरकारी आवास पर करीब 15 दिन से रह रहा था। शुक्रवार को आई जांच रिपोर्ट में पुलिस अधिकारी के भाई को भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। जबकि बाकी कर्मचारियों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। पुलिस अधिकारी ने अभी अपना व अपने परिवार के बाकी सदस्यों की जांच नहीं कराई है। पुलिस अधिकारी के आवास व उसके आसपास के क्षेत्र में बड़े स्तर पर सैनिटाइजर का छिड़काव कराया जा रहा है।